डिप्टी सीएम अरुण साव का जन्मदिन आज, लोरमी विधानसभा में जगह-जगह होगा भव्य स्वागत..

लोरमी। स्थानीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव का जन्मदिन आज उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर लोरमी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री अरुण साव सुबह बिलासपुर स्थित अपने निवास से रवाना होकर रतनपुर में मां महामाया के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद कोटा में उनका स्वागत किया जाएगा। वहां से वे तखतपुर, बरेला और जरहागांव होते हुए लोरमी विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेंगे।
इस दौरान ग्राम बटहा, सेमरसल, तेलियापुरान, कुम्हारोली, मोहतरा कुर्मी, हरना चाका होते हुए वे देवरहट पहुंचेंगे। यहां आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के साथ कश्यप समाज भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा आयुष्मान आरोग्य केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान कार्यक्रम का निरीक्षण भी करेंगे।

इसके बाद उनका काफिला पीपरखूंटा, औराबांधा, धोबघट्टी, छिरहुट्टी, झाफल और सेमरिया होते हुए लोरमी नगर पहुंचेगा। नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
मानस मंच में होगा मुख्य जन्मोत्सव कार्यक्रम
लोरमी नगर के मानस मंच में जन्मदिन का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता एवं समर्थक तैयारियों में जुटे हुए हैं। पूरे विधानसभा क्षेत्र में जन्मदिन को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।



