यादव समाज की चार सूत्रीय मांगों को लेकर पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के सदस्य को सौंपा ज्ञापन..

‘रावत’ शब्द को केंद्रीय अनुसूची में शामिल करने, पशुपालन के लिए ब्याजमुक्त ऋण और गौवंश संरक्षण की जिम्मेदारी समाज को सौंपने की मांग
मुंगेली। यादव समाज के सामाजिक, आर्थिक एवं पारंपरिक व्यवसायों के संरक्षण को लेकर सर्व यादव समाज जिला मुंगेली ने पहल की है। समाज के जिलाध्यक्ष नरेशराम यादव ने 17 नवंबर को छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के सदस्य हरिशंकर यादव को ज्ञापन सौंपकर समाज से जुड़ी चार प्रमुख मांगों पर शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से ‘रावत’ शब्द को केंद्र की संबंधित अनुसूची में शामिल कराने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही यादव समाज के लोगों को पशुपालन एवं दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने की मांग की गई।
वहीं, घुमंतू एवं बेसहारा गौवंश के संरक्षण और पुनर्वास की जिम्मेदारी यादव समाज को सौंपने की बात कही गई। इसके लिए शासन से आवश्यक राशि स्वीकृत करने तथा गौवंश संरक्षण का कार्य समाज के माध्यम से कराने का आग्रह किया गया।
इसके अलावा वनांचल क्षेत्रों में निवासरत पारंपरिक पशुपालन से जुड़े यदुवंशी गोपालक परिवारों को नियमानुसार भूमि का पट्टा प्रदान करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
समाज की ओर से इन मांगों को यादव समाज के सामाजिक एवं आर्थिक विकास, पारंपरिक पशुपालन व्यवसाय को प्रोत्साहन तथा गौवंश संरक्षण से जोड़ते हुए शासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है। अब समाज को इन मांगों पर शासन स्तर से सकारात्मक पहल की उम्मीद है।



