मुंगेली में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार..

प्रयागराज से ब्राउन शुगर लाकर बेचने की थी तैयारी, 10.20 ग्राम नशीला पदार्थ और मोबाइल सहित ₹1.65 लाख का सामान जब्त।
द मनियारी न्यूज़ | मुंगेली, छत्तीसगढ़
मुंगेली। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री की तैयारी कर रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 14 नवंबर को सरदार पटेल वार्ड में दबिश दी। पुलिस ने मौके से जयकुमार साहू (21), दीपक यादव (22), रोशन पटेल (20) और देवा उर्फ वेदव्यास साहू (23) को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीन आरोपियों द्वारा प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से ब्राउन शुगर खरीदकर मुंगेली लाने की बात सामने आई। चारों आरोपी इसे छोटी-छोटी पुड़ियों में तैयार कर बेचने की फिराक में थे।
पुलिस ने 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत ₹59,000), तीन मोबाइल फोन (कीमत ₹1,06,080) सहित कुल ₹1,65,080 का मशरूका जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 427/2026, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। चारों को 15 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने आम नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Dekhe video
https://www.instagram.com/reel/Dfw4V3WiCtK/?dlrf=MW5vejVmcTZnZGw2cw==



