मुंगेली जिला न्यायालय में आरोपी का हाईवोल्टेज ड्रामा!

मुंगेली जिला न्यायालय में आरोपी का हाईवोल्टेज ड्रामा! कटघरे से कूदकर CJM के डायस तक पहुंचा, जान से मारने की धमकी देने का आरोप
ट्रक चोरी के मामले में पेशी के दौरान मचा हड़कंप; न्यायाधीश और न्यायालयीन कर्मचारियों से अभद्रता, आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ BNS की तीन धाराओं में FIR दर्ज।
मुंगेली। जिला न्यायालय मुंगेली में ट्रक चोरी के एक मामले की पेशी के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आरोपी ने न्यायालय परिसर में जमकर हंगामा कर दिया। आरोप है कि पेशी के दौरान आरोपी भगतराम राजपूत अचानक कटघरे से कूदकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के डायस तक पहुंच गया और न्यायाधीश को जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपी की इस हरकत से न्यायालय में मौजूद कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया।
नाम पूछने पर भड़का आरोपी, कटघरे से लगाई छलांग
जानकारी के मुताबिक, सरगांव पुलिस ने ट्रक चोरी के मामले में भगतराम राजपूत को गिरफ्तार किया था। रिमांड के लिए उसे मुंगेली जिला न्यायालय में पेश किया गया था। इसी दौरान न्यायालय में जब आरोपी से उसका नाम पूछा गया तो वह कथित तौर पर भड़क गया और विवाद करने लगा। देखते ही देखते उसने कटघरे से छलांग लगा दी और सीधे CJM के डायस तक पहुंच गया।
CJM को दिखाई उंगली, कांच का फ्रेम तोड़ने का प्रयास
आरोप है कि आरोपी ने न्यायाधीश की ओर उंगली दिखाते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी भरे अंदाज में कहा, “तू मेरे को जेल भेजेगा बे…”। इतना ही नहीं, उसने डायस पर लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने का भी प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिसकर्मियों के साथ भी बदसलूकी किए जाने की बात सामने आई है।
शिकायत के बाद मुंगेली पुलिस ने दर्ज किया अपराध
घटना के बाद न्यायालयीन कर्मचारी शत्रुघन कुमार बेलदार ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मुंगेली पुलिस ने आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में पेशी के दौरान इस तरह की कथित घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और न्यायालयीन अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Dekhe video
https://www.instagram.com/reel/Df3d5n1iwKg/?dmpr=MXIxc2J4cmdrZHhrMA==



