पाली में कुंवार नवरात्रि उत्सव की धूम, 11 से 20 अक्टूबर तक होंगे विविध धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन..

पाली/तखतपुर। पालेश्वरनाथ आश्रम मंदिर पाली में इस वर्ष कुंवार नवरात्रि उत्सव 2026 का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग के साथ किया जाएगा। नवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर में मां दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना, ज्योति कलश प्रज्ज्वलन के साथ विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
कार्यक्रम के अनुसार रविवार 11 अक्टूबर 2026 को सुबह 6:31 बजे से 10:27 बजे तक कलश स्थापना की जाएगी। वहीं दोपहर 12:01 से 12:49 बजे तक अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की विधिवत पूजा-पाठ एवं आराधना होगी। 19 अक्टूबर को दुर्गाष्टमी/महानवमी के अवसर पर शाम 10:47 से 11:15 बजे तक संधि पूजा आयोजित होगी। इसके बाद 20 अक्टूबर को दशहरा एवं विसर्जन कार्यक्रम होगा।
खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं रहेंगी आकर्षण
नवरात्रि उत्सव के दौरान बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें कला, कविता, कुर्सी दौड़, जनऊला, डांस प्रतियोगिता, शंख बजाना, मटका फोड़, आदिवासी नृत्य, मोमबत्ती जलाना, टोपी पकड़ऊला, झांकी और छत्तीसगढ़ी जस गीत प्रतियोगिता प्रमुख हैं।
11 अक्टूबर से शुरू होने वाली प्रतियोगिताओं में अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। सभी विजेताओं को 20 अक्टूबर को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
हर रात होगी श्रीकृष्ण लीला
नवरात्रि के दौरान जय पालेश्वरनाथ श्रीकृष्ण लीला मंडली, पाली द्वारा प्रतिदिन रात 8 बजे से 11 बजे तक श्रीकृष्ण लीला का मंचन किया जाएगा। इससे धार्मिक आयोजन के साथ क्षेत्र की लोक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को भी मंच मिलेगा।
आयोजन को लेकर पालेश्वरनाथ आश्रम एवं ग्रामवासियों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
तेल ज्योति कलश प्रज्ज्वलित शुल्क: 651 रुपये निर्धारित किया गया है।





