सरगांव में गूंजा ‘जात-पात की करो विदाई, छत्तीसगढ़िया भाई-भाई’ का नारा…

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना का सदस्यता अभियान जारी, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग

पथरिया/सरगांव। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, जिला मुंगेली का सदस्यता अभियान और सेनानी जोड़ो अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार 4 अक्टूबर को ब्लॉक पथरिया के सरगांव में सदस्यता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। महिलाओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान ‘जात-पात की करो विदाई, छत्तीसगढ़िया भाई-भाई’ जैसे नारों से सरगांव गूंज उठा। संगठन के पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ के स्थानीय युवाओं को उद्योग, फैक्ट्री, निजी क्षेत्र और सरकारी संस्थानों में रोजगार के अवसरों में प्राथमिकता दिए जाने की मांग उठाई।
क्रांति सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बोली, भाषा, संस्कृति, जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार और अधिकार मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
संगठन ने अपने विचारों को छत्तीसगढ़ के महापुरुषों और पुरखों की विरासत से जोड़ते हुए कहा कि वे शहीद वीर नारायण सिंह, गुण्डाधुर, राजा गुरु बालकदास, राजमोहनी देवी, बिलासा दाई और डॉ. खूबचंद बघेल के दिखाए रास्ते पर चलने का प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना मुंगेली के जिला अध्यक्ष योगेश साहू, जिला संयोजक नेमचंद साहू, जिला सह-संयोजक रोशन साहू, जिला उपाध्यक्ष एवं खड़ प्रभारी रिंकू यादव, जिला मंत्री शिवकुमार, मुंगेली शहर उपाध्यक्ष सुनील भैया, पथरिया खड़ अध्यक्ष राहुल साहू और राजाराम कुर्रे सहित संगठन के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।





