मुंगेली में साइबर जागृति अभियान: 300 से अधिक पेंशनरों को किया जागरूक, खुड़िया में ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव की दी सीख…

मुंगेली। जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस का साइबर जागृति अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के पर्यवेक्षण में पुलिस द्वारा शिक्षण संस्थानों, हाट-बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

300 से अधिक पेंशनरों को दी साइबर सुरक्षा की जानकारी
27 सितंबर को मुंगेली के सतनाम भवन में छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ, संभाग बिलासपुर के कार्यक्रम में 300 से अधिक पेंशनधारी शामिल हुए। कार्यक्रम में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।
उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, पेंशन एवं केवाईसी अपडेट के नाम पर भेजे जाने वाले फर्जी लिंक, लॉटरी, अनजान वीडियो कॉल और जीवन प्रमाण-पत्र के नाम पर होने वाले बैंक फ्रॉड से सावधान रहने की अपील की। साथ ही बैंक खाता विवरण, OTP, आधार और CVV जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी।
खुड़िया के साप्ताहिक बाजार में जनचौपाल
इसी क्रम में वनांचल क्षेत्र ग्राम खुड़िया के साप्ताहिक बाजार में पुलिस टीम ने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों, पर्यटकों, महिलाओं और बच्चों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीम ने सरल एवं स्थानीय भाषा में सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी लोन ऐप और UPI ठगी के तरीकों की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की समझाइश दी।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने आमजन से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस के अनुसार शुरुआती समय में शिकायत मिलने पर ठगी की राशि को संबंधित खाते में होल्ड कराने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
मुंगेली पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक और सुरक्षित बनाना है।





