गणेशपुरी कारीआम आश्रम एवं मानस तीर्थ सोनकुंड में गूंजा ‘हर हर महादेव’..

श्रावण सोमवार और नाग पंचमी के पावन संयोग पर हुआ भव्य रुद्राभिषेक, दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु
लोरमी। श्रावण मास के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के पावन संयोग पर गणेशपुरी कारीआम आश्रम एवं मानस तीर्थ सोनकुंड में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। परम श्रद्धेय श्री श्री 108 श्री स्वामी शिवानंद महाराज जी के सानिध्य में भगवान भोलेनाथ का भव्य रुद्राभिषेक, पूजन, हवन एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।

प्रातःकाल से ही दोनों धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्र मंत्रों तथा ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से पूरा परिसर शिवमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पंचामृत, गंगाजल, गन्ने के रस सहित विभिन्न पवित्र द्रव्यों से विधिवत रुद्राभिषेक किया। वहीं नाग पंचमी के अवसर पर नाग देवता की भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के चरणों में सुख-शांति, आरोग्य, समृद्धि एवं सर्वकल्याण की मंगलकामना की। स्वामी शिवानंद महाराज के गुरु-सानिध्य ने आयोजन की आध्यात्मिक अनुभूति को और गहरा कर दिया। श्रद्धालुओं के अनुसार गुरु के मार्गदर्शन में की गई शिव आराधना केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और अंतर्मन की शुद्धि का माध्यम है।
इस पावन आयोजन में गौरेला-पेंड्रा, कारीआम, बिलासपुर, लोरमी, मुंगेली, पंडरिया एवं कोरबा सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूजा-अर्चना, हवन एवं पूर्णाहुति के पश्चात भंडारे और महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
श्रावण सोमवार और नाग पंचमी के इस दुर्लभ धार्मिक संयोग पर गणेशपुरी कारीआम आश्रम एवं मानस तीर्थ सोनकुंड में दिनभर आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धा, सेवा और गुरु-सानिध्य से सराबोर इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को भक्ति के साथ आत्मिक शांति का अनुभव कराया। पूरे आयोजन में एक ही स्वर गूंजता रहा—‘हर हर महादेव।’





