स्वामी शिवानंद जी महाराज की सुरक्षा बढ़ाने की मांग, 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

काफिले पर पथराव और आश्रम में संदिग्ध व्यक्ति के प्रवेश से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, एसपी ने जांच के दिए निर्देश; बेलगहना चौकी प्रभारी को हटाने की कार्रवाई
बिलासपुर। परम श्रद्धेय स्वामी शिवानंद जी महाराज की सुरक्षा बढ़ाने और हाल ही में हुई दो संदिग्ध घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर शुक्रवार को 200 से अधिक श्रद्धालुओं ने पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनीश सिंह को ज्ञापन सौंपा। श्री अद्वैत परमहंस सेवा समिति एवं जनकल्याण संस्थान, बेलगहना के नेतृत्व में पहुंचे श्रद्धालुओं ने महाराज जी को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा, प्रभावी एस्कॉर्ट और आश्रम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। इस दौरान छत्तीसगढ़ सहित मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र से श्रद्धालु पहुंचे थे।
15 दिनों के भीतर सुरक्षा से जुड़ी दो गंभीर घटनाएं
ज्ञापन के अनुसार, पहली घटना 7 नवंबर 2026 की रात करीब 12 बजे की है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति चेहरे पर कपड़ा बांधकर बेलगहना आश्रम परिसर में संदिग्ध रूप से दाखिल हुआ और स्वामी शिवानंद जी महाराज के निजी कक्ष तक पहुंच गया। इस संबंध में 10 नवंबर को पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी गई थी। समिति का दावा है कि संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई हैं।
वहीं दूसरी घटना 22 नवंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे की बताई गई है। श्रद्धालुओं के मुताबिक, श्री सिद्ध बाबा आश्रम, सोनसाय नवागांव में धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय बेलगहना चौकी क्षेत्र में स्वामी शिवानंद जी महाराज के काफिले की गाड़ी पर अज्ञात लोगों ने पथराव किया। घटना के समय काफिले के साथ पुलिस एस्कॉर्ट भी मौजूद था। इस घटना ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
देशभर में फैला है आश्रमों का सेवा कार्य
श्रद्धालुओं ने ज्ञापन में बताया कि स्वामी शिवानंद जी महाराज देशभर में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। उनके मार्गदर्शन में अध्यात्म, स्वास्थ्य सेवा, जनकल्याण और सनातन परंपरा के संरक्षण से जुड़े कार्य संचालित किए जा रहे हैं। बेलगहना आश्रम से देश के विभिन्न राज्यों में लगभग 36 आश्रमों एवं शाखाओं का संचालन होने की जानकारी भी ज्ञापन में दी गई है।
इन आश्रमों में धार्मिक आयोजनों और जनकल्याणकारी गतिविधियों के लिए महाराज जी का नियमित प्रवास होता है। कई आश्रम वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं ने उनके आवागमन, प्रवास स्थलों और आश्रम परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
एसपी से उच्चस्तरीय जांच और सुरक्षा बढ़ाने की मांग
श्रद्धालुओं ने पुलिस अधीक्षक से काफिले पर पथराव की घटना की निष्पक्ष जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई और सुरक्षा संबंधी घटनाओं का गंभीरता से खतरा आकलन कराने की मांग की।
इसके अलावा स्वामी जी को खतरे के अनुरूप पर्याप्त पुलिस सुरक्षा एवं प्रभावी एस्कॉर्ट उपलब्ध कराने, आश्रम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी की समीक्षा करने तथा सुरक्षा में हुई संभावित चूक की जवाबदेही तय करने की मांग भी रखी गई।
जनप्रतिनिधियों ने भी जताई चिंता
इस मामले की जानकारी मिलने पर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सावन्नी तथा स्थानीय विधायक अटल श्रीवास्तव ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए इसकी निंदा की। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
एसपी ने दिए जांच के निर्देश, चौकी प्रभारी को हटाने का आदेश
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जांच के निर्देश दिए। उन्होंने आश्रम से पहुंचे श्रद्धालुओं को मामले में तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही बेलगहना चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन की चेतावनी
श्रद्धालुओं ने स्पष्ट कहा कि स्वामी शिवानंद जी महाराज की सुरक्षा का मामला लाखों भक्तों की आस्था और विश्वास से जुड़ा है। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र ठोस कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो श्रद्धालु व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।



