पामगढ़ में स्वामी शिवानंद जी महाराज का भव्य स्वागत, गुरु भक्ति से भावविभोर हुआ श्री अद्वैत आश्रम..

पामगढ़, छत्तीसगढ़। श्री सिद्धबाबा अद्वैत परमहंस आश्रम, बेलगहना के परम श्रद्धेय श्री श्री 108 स्वामी शिवानंद जी महाराज के पामगढ़ स्थित श्री अद्वैत आश्रम आगमन पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। मंगल आरती, पुष्पवर्षा, मंगल कलश और विधिवत गुरु पूजन के साथ आश्रम परिसर भक्तिमय हो उठा।
सदगुरु अज्ञान के अंधकार को दूर कर दिखाते हैं आत्मज्ञान का मार्ग
आध्यात्मिक प्रवचन में स्वामी शिवानंद जी महाराज ने कहा कि मनुष्य जीवन का उद्देश्य आत्मतत्त्व को जानना और परमात्मा से एकात्मता का अनुभव करना है। सदगुरु मनुष्य को अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाकर जीवन के वास्तविक उद्देश्य का बोध कराते हैं। नानक, कबीर, तुलसीदास और स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों ने भी गुरु महिमा को सर्वोपरि स्थान दिया है।
मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची आराधना
स्वामी जी ने मानव सेवा का महत्व बताते हुए कहा कि भूखे को भोजन कराना, जरूरतमंदों की सहायता करना और पीड़ितों के प्रति करुणा रखना ही ईश्वर की सच्ची आराधना है। सेवा, परोपकार और सदाचार से युक्त जीवन ही सच्ची आध्यात्मिकता का परिचायक है।
विधायक शेषराज हरवंश ने भी लिया आशीर्वाद
इस अवसर पर पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरवंश आश्रम पहुंचीं और स्वामी शिवानंद जी महाराज का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पामगढ़ स्थित श्री अद्वैत आश्रम, स्वामी जी से जुड़ी 36 आश्रमों की आध्यात्मिक परंपरा का एक महत्वपूर्ण केंद्र है।
कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालु
स्वामी जी के दर्शन एवं सत्संग का लाभ लेने के लिए शिवरीनारायण, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, मस्तूरी, अकलतरा, सीपत, बिलासपुर, मुंगेली, लोरमी, कवर्धा, कोरबा और कोटा सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, गुरु भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
रिपोर्ट: देखे वीडियो द मनियारी न्यूज़ नेटवर्क | छत्तीसगढ़
https://www.instagram.com/reel/DeiyT6giEpc/?dlrf=MWRia3d3NzNnb3Zibw==



