ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में डटे लोरमी के युवा..

कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता, पुलिस हिरासत के बाद भी आंदोलन जारी
लोरमी- ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चल रहा विरोध-प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी सिलसिले में छत्तीसगढ़ के लोरमी से युवा कांग्रेस एवं भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ता छात्र नेता नागेश गुप्ता के नेतृत्व में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
आंदोलन के दौरान सोमवार को आयोजित ‘इंडिया गठबंधन’ के विशाल विरोध मार्च में लोरमी के इन युवा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान छात्र नेता नागेश गुप्ता ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ और लोरमी के युवाओं की सक्रिय भागीदारी से अवगत कराया, तथा मंगलवार को राजीव चौक पर एनएसयूआई के बैनर तले आयोजित जोरदार प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने दमनात्मक कार्रवाई करते हुए छात्र नेता नागेश गुप्ता को हिरासत में ले लिया था। पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें आदर्श नगर पुलिस स्टेशन (आजादपुर) में लगभग 10 घंटे तक रोके रखने के बाद छोड़ा गया।
हिरासत से रिहा होने के बाद युवा नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि पुलिस की इस तरह की सख्ती और दबाव की राजनीति से युवाओं का हौसला टूटने वाला नहीं है, बल्कि इस्तीफा मिलने तक यह संघर्ष लोकतांत्रिक तरीके से और अधिक मजबूती के साथ जारी रहेगा।
राष्ट्रीय राजधानी में चल रहे इस आंदोलन में नागेश गुप्ता के साथ प्रमुख रूप से योगेश्वर सिंह, सागर जायसवाल, अनुराग चतुर्वेदी, सूरज जांगड़े और अंजय साकत सहित लोरमी क्षेत्र के अनेक युवा एवं छात्र कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ मैदान में डटे हुए हैं।



