उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने डॉ. सत्यनारायण तिवारी को ‘ज्येष्ठ नागरिक सम्मान-2026’ से किया सम्मानित

मानस मंच लोरमी में आयोजित जन्मदिवस समारोह में शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं भागवताचार्य डॉ. तिवारी को शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर किया गया सम्मानित
लोरमी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिवस के अवसर पर लोरमी के मानस मंच में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं प्रसिद्ध भागवताचार्य डॉ. सत्यनारायण तिवारी (हिमांशु महाराज) को ‘ज्येष्ठ नागरिक सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उन्हें शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि ग्राम सारधा निवासी डॉ. सत्यनारायण तिवारी शिक्षा, साहित्य एवं धार्मिक कथा-वाचन के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। उन्हें राज्यपाल सहित विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं द्वारा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 300 से अधिक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
डॉ. तिवारी वर्तमान में मनियारी साहित्य एवं सेवा समिति लोरमी के अध्यक्ष हैं तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरदीबांध में प्रधानपाठक के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा, साहित्य और धार्मिक क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
इस सम्मान से क्षेत्र के साहित्यिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक जगत में हर्ष का माहौल है।



