
मुंगेली। जिले के ग्राम गीधा में नहर में बहने से 6 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घर का कचरा फेंकने निकला बच्चा नहर के तेज बहाव में बह गया था। करीब 22 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घटनास्थल से लगभग 8 किलोमीटर दूर उसका शव बरामद किया गया। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
नहर के पास पैर फिसलने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मासूम घर का कचरा फेंकने निकला था। इसी दौरान नहर के पास उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तलाश शुरू की और प्रशासन को सूचना दी।
SDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
मासूम की तलाश में SDRF, नगर सेना, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें जुटी रहीं। लगातार खोजबीन के बाद करीब 22 घंटे में घटनास्थल से लगभग 8 किलोमीटर दूर बच्चे का शव मिला। घटना से संबंधित CCTV फुटेज भी सामने आया है।
गांव में पसरा मातम
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस बच्चे के सुरक्षित लौटने की उम्मीद में परिजन इंतजार कर रहे थे, उसकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।



