चातरखार के पास दर्दनाक सड़क हादसा: मालवाहक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत,

निर्माणाधीन सड़क पर उठे सवाल
मुंगेली। मुंगेली-कवर्धा मुख्य मार्ग पर ग्राम चातरखार के पास शनिवार, 10 अक्टूबर को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ रिश्तेदार के यहां दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही थी, तभी हादसे का शिकार हो गई।
दशगात्र से लौटते वक्त काल बनी मालवाहक की टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नागराडीह निवासी उतरी बंजारे (42 वर्ष), थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर, अपने पति के साथ ग्राम टेढ़ाधौरा, उसलापुर में रिश्तेदार के यहां दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। वापसी के दौरान चातरखार के पास गुजरात नंबर के मालवाहक वाहन क्रमांक GJ 27 TG 8156 की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना पर पुलिस ने मामले में वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
धीमी सड़क निर्माण गति पर ग्रामीणों में नाराजगी
हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क निर्माण की धीमी गति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य में देरी और सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य जल्द और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के साथ ही फिलहाल गड्ढों को समतल कराने की मांग की है।
सवाल यह है कि सड़क निर्माण में तेजी और सुरक्षा के इंतजाम कब होंगे? हादसे ने एक बार फिर निर्माणाधीन मार्ग पर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



