सेवा के रंग में दिखा विकसित भारत का संकल्प, रंगोलियों के जरिए बेटियों ने दिया जल संरक्षण और नारी सशक्तिकरण का संदेश…

लोरमी। सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी के मानस मंच में विकासखंड स्तरीय ‘सेवा का रंग’ रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पहुंचकर कलाकारों और छात्राओं द्वारा तैयार की गई आकर्षक रंगोलियों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद कर रंगोलियों के विषय और उनके संदेश की जानकारी ली। छात्राओं ने जल संरक्षण, विकसित भारत, नारी सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया और स्वच्छ भारत जैसे विषयों को रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया।




कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कोटा के रंगोली कलाकार रवि पैकरा द्वारा करीब पौने दो क्विंटल सामग्री से तैयार की गई ‘विकसित लोरमी, विकसित भारत’ की भव्य रंगोली रही। रंगोली के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प और देश के विकास की परिकल्पना को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया गया।
वहीं लोरमी विकासखंड के आठ विद्यालयों की छात्राओं ने अलग-अलग सामाजिक और जनजागरूकता विषयों पर रंगोलियां बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगोलियों में जल संरक्षण से लेकर स्वच्छता, डिजिटल इंडिया और महिला सशक्तिकरण जैसे संदेशों को प्रमुखता से उकेरा गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रंगोली जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सेवा भावना और विकसित भारत की कल्पना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह समझना जरूरी है कि विकसित भारत क्या है और इसके निर्माण में उसकी क्या भूमिका हो सकती है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याण और सेवा के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में छात्राओं की भागीदारी ने अभियान को रचनात्मक और जनजागरूकता से जोड़ने का काम किया।





