लोरमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 26 घंटे में 2 आरोपी गिरफ्तार, चोरी की 6 बाइक बरामद..

लोरमी। मोटरसाइकिल चोरी के मामले में लोरमी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर निवासी चंद्रशेखर पटेल 17 सितंबर को अपनी मां के साथ मोटरसाइकिल से खुड़िया डेम घूमने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल खुड़िया बांध के पास खड़ी की थी। वापस लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। मामले की शिकायत पर लोरमी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 400/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने चरन कुर्रे और अमित चेलकर, निवासी अमलडीही को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने खुड़िया डेम से चोरी की गई मोटरसाइकिल के अलावा अन्य स्थानों से भी बाइक चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों के घरों से तीन-तीन मोटरसाइकिल, कुल 6 बाइक बरामद कीं। बरामद वाहनों में हीरो एचएफ डीलक्स और होंडा साइन सहित विभिन्न मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद 6 मोटरसाइकिलों की कुल कीमत करीब ₹2.10 लाख है। मामले में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को 19 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव के साथ प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, आरक्षक राजू साहू, ईश्वर मरावी, कवि टोप्पो, युगल किशोर, रेखराम नेताम एवं सैनिक कुलदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की नागरिकों से अपील
जिला पुलिस ने नागरिकों से घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना को सूचना देने की अपील की है।





