
लोरमी। लोरमी विधानसभा क्षेत्र की भवनविहीन 9 प्राथमिक शालाओं के लिए नवीन शाला भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के तहत विधायक मद और अभिसरण के माध्यम से इन कार्यों के लिए कुल 1 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि प्रस्तावित की गई है।

जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय मुंगेली द्वारा 3 सितंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, उपमुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव की अनुशंसा पर 9 शासकीय प्राथमिक शाला भवनों के निर्माण कार्य स्वीकृति के लिए अनुशंसित किए गए हैं।
इन गांवों में बनेंगे नए प्राथमिक शाला भवन
नवीन भवन निर्माण के लिए लालपुर, मंजूरहा, चचेडी, चंदियाभाठा, फुलझर, गहरपुर, पधरताल, सांवतपुर और औराबांधा का चयन किया गया है। प्रत्येक कार्य की अनुमानित लागत 20 लाख रुपये रखी गई है।
इन कार्यों में विधायक निधि से कुल 1 करोड़ 17 लाख रुपये तथा अभिसरण के माध्यम से 63 लाख रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है।
प्राक्कलन और स्थल निरीक्षण के बाद जारी होगी प्रशासकीय स्वीकृति
जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय ने जनपद पंचायत लोरमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया है कि सभी प्रस्तावित कार्यों का प्राक्कलन, तकनीकी स्वीकृति, स्थल निरीक्षण, नक्शा, खसरा एवं पंचायत प्रस्ताव सहित प्रकरण शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि आगे प्रशासकीय स्वीकृति की कार्रवाई की जा सके।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्य शासकीय भूमि पर ही किया जाएगा। धार्मिक अथवा आस्था से संबंधित भूमि पर निर्माण प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही संबंधित एजेंसी को यह प्रमाणित करना होगा कि प्रस्तावित कार्य किसी अन्य मद से पहले से स्वीकृत नहीं है।
शिक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
लोरमी विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में भवनविहीन प्राथमिक शालाओं के लिए नए भवन बनने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से भवन की आवश्यकता वाले इन स्कूलों में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बच्चों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित अध्ययन सुविधा मिल सकेगी।





