
रायपुर के लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने किया सम्मानित
मुंगेली। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय, रायपुर द्वारा आयोजित राज्यपाल पुरस्कार (2025) प्रमाण पत्र वितरण एवं अलंकरण समारोह में मुंगेली जिले के चार स्काउट-गाइड एवं रेंजर को सम्मानित किया गया। रायपुर स्थित लोकभवन के दरबार हॉल में आयोजित इस समारोह में प्रतिभागियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से मुंगेली जिले का गौरव बढ़ा है।
समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत खालसा तथा स्कूल शिक्षा सचिव कमलप्रीत सिंह सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
इन चार प्रतिभागियों को मिला राज्यपाल पुरस्कार
जिला शिक्षा अधिकारी एम.एल. पटेल के आदेशानुसार मुंगेली जिले से चयनित प्रतिभागियों में शामिल हैं—
- दीपक कश्यप (स्काउट) — पिता देवदत्त कश्यप, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लालपुर कला, विकासखंड लोरमी।
- स्वाति दिवाकर (गाइड) — पिता रज्जू दिवाकर, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुंगेली।
- कीर्ति पाटले (रेंजर) — पिता प्रमोद नारायण पाटले, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुंगेली की रानी लक्ष्मीबाई रेंजर टीम।
- कुमारी भुवनेश्वरी यादव (गाइडर एवं जिला प्रभारी) — एस.एल.एस. एकेडमिक स्कूल, मुंगेली।
अनुशासन और सेवाभाव का मिला सम्मान
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुंगेली के प्राचार्य कृष्ण कुमार नवरंग ने स्वाति दिवाकर, कीर्ति पाटले सहित सभी सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सेवाभाव और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा विकसित करती हैं। राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त करना इन गुणों और निरंतर परिश्रम का महत्वपूर्ण सम्मान है।
मुंगेली जिले के चार प्रतिभागियों की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी समाजसेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरणा मिलेगी।



