साइबर जागृति अभियान में मुंगेली पुलिस की बड़ी पहल..

450 विद्यार्थियों को दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ, साप्ताहिक बाजारों में 1000 लोगों को किया जागरूक

मुंगेली। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच मुंगेली पुलिस द्वारा आमजन को जागरूक करने के लिए “साइबर जागृति अभियान” के तहत लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में मंगलवार को स्कूल और साप्ताहिक बाजारों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पीएम श्री एकलव्य विद्यालय बंधवा में आयोजित कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक लोरमी माधुरी धिरही ने करीब 450 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और बैंकिंग फ्रॉड से बचाव के जरूरी उपाय बताए। विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा विषय पर रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से रचनात्मक संदेश भी दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बाजारों में भी पहुंची पुलिस की जागरूकता मुहिम
इसके बाद थाना लोरमी क्षेत्र के गोंडखाम्ही और थाना लालपुर क्षेत्र के कोदवाबानी के साप्ताहिक मंगलवार बाजारों में पुलिस टीम ने साइबर जागरूकता अभियान चलाया। सब्जी विक्रेताओं, किराना एवं सोने-चांदी के व्यापारियों, महिलाओं, विद्यार्थियों सहित करीब 1000 आम नागरिकों को साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए और जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।
पुलिस ने लोगों को विशेष रूप से समझाया कि ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंकिंग पासवर्ड या व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और ऑनलाइन ठगी होने की स्थिति में तत्काल बैंक से संपर्क कर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक सुंदर लाल गोरले, थाना प्रभारी लालपुर प्र.उप निरीक्षक हर्षा वर्मा, तेज मरकाम, सउनि मधुकर रात्रे, बबीता श्रीवास, अतुल ठाकुर सहित लोरमी एवं लालपुर थाना के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुंगेली पुलिस का यह अभियान स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर लोगों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क और जागरूक करने की दिशा में लगातार जारी है।





