
लोरमी। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्यों के लिए लोरमी के तीन शिक्षकों को ‘स्वर्गीय हरबंश मिश्रा राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। रायगढ़ नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में देशभर से चयनित 200 शिक्षकों को यह सम्मान प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत छत्तीसगढ़ द्वारा देशभर के करीब 1500 शिक्षकों में से 200 शिक्षकों का चयन किया गया था। इनमें शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरदीबांध, विकासखंड लोरमी के प्रधानपाठक डॉ. सत्यनारायण तिवारी ने पूरे भारत में प्रथम स्थान प्राप्त कर लोरमी, मुंगेली जिले और छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित किया।
समारोह में मुख्य अतिथि भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय के इंडिपेंडेंट डायरेक्टर एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्णानंद मिश्रा, विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद संजय अग्रवाल एवं गुणनिधि सतपथी ने सम्मान प्रदान किया।
डॉ. सत्यनारायण तिवारी इससे पहले भी शिक्षाविद, साहित्यकार एवं समाजसेवी के रूप में राज्यपाल सम्मान सहित 200 से अधिक सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सम्मान को लोरमी की जनता और शिक्षकों का सम्मान बताया।
इसी समारोह में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोंगरिया की व्याख्याता श्रीमती सीमा तिवारी तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय रंहगी की शिक्षिका श्रीमती सुषमा पाण्डेय को भी राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।
एक ही क्षेत्र के तीन शिक्षकों को राष्ट्रीय सम्मान और डॉ. तिवारी का देशभर में प्रथम स्थान मिलने पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक ठाकुर धर्मजीत सिंह, जनपद अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह, उपाध्यक्ष राजेंद्र साहू, नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. अशोक जायसवाल, डीईओ एम.एल. पटेल, डीएमसी अशोक सोनी, एपीसी प्रदीप उपाध्याय, बीईओ मनीषा पाटले, एबीईओ सुनील शर्मा, बीआरसी दयाराम साहू सहित विभिन्न संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






