अपराध पर पुलिस सफलकलेक्टरक्राइमखाध विभागखास खबरछत्तीसगढ़पुलिस अधीक्षकमुंगेलीसरगांव पथरिया

मुंगेली में राशन दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार; 200 कट्टी चावल समेत 10 लाख का माल बरामद…

मुंगेली में राशन दुकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार; 200 कट्टी चावल और 16 कट्टी शक्कर बरामद

ऑपरेशन बाज के तहत बड़ी कार्रवाई, पथरिया और सिटी कोतवाली क्षेत्र की तीन शासकीय उचित मूल्य दुकानों में हुई चोरी का खुलासा

मुंगेली। जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाकर चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह का मुंगेली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 100 क्विंटल यानी 200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नगद, चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन समेत करीब 10 लाख रुपये की सामग्री बरामद की गई है।

तीन सोसायटियों में हुई थी चोरी

पुलिस के मुताबिक पथरिया थाना क्षेत्र के बेलखुरी और कलारजेवरा तथा सिटी कोतवाली क्षेत्र के पालचुवा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में 5 से 7 अगस्त के बीच चोरी की वारदात हुई थी। चोर दुकानों के ताले और चैनल गेट तोड़कर बड़ी मात्रा में चावल और शक्कर ले गए थे।

मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच शुरू की।

पूछताछ में खुली गिरोह की पूरी कहानी

जांच के दौरान पुलिस ने खिलेश कौशिक निवासी बावली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में कथित तौर पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सोसायटियों में चोरी करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार चोरी के लिए किराए की पिकअप का इस्तेमाल किया जाता था।

आरोपियों ने कथित तौर पर कलारजेवरा और बेलखुरी की सोसायटियों से चावल चोरी करने के बाद पालचुवा की सोसायटी को भी निशाना बनाया। चोरी का माल ग्राम घुठेली ले जाकर बोरियों की अदला-बदली की जाती थी और बाद में बिलासपुर क्षेत्र में बिक्री किए जाने की बात सामने आई।

बिलासपुर के व्यापारी तक पहुंचा चोरी का चावल

पुलिस के अनुसार चोरी किए गए चावल को बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र में व्यापारियों को बेचा जाता था। पुलिस ने बिलासपुर से बंटी उर्फ रवि पाहूजा को भी हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे मामले में गिरफ्तार किया।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

  1. खिलेश कौशिक, पिता स्व. दिनेश, उम्र 22 वर्ष, निवासी बावली
  2. राजू श्रीवास, पिता रामकुमार, उम्र 20 वर्ष, निवासी बावली
  3. महेन्द्र निषाद, पिता भागवत, उम्र 21 वर्ष, निवासी बावली
  4. बंटी उर्फ रवि पाहूजा, पिता स्व. परमानंद, उम्र 50 वर्ष, निवासी जुनापारा, बिलासपुर

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

करीब 10 लाख रुपये की सामग्री जब्त

पुलिस ने आरोपियों से 200 कट्टी चावल (लगभग 100 क्विंटल), 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नगद, पिकअप वाहन क्रमांक CG-28-Q-3669, 83 प्लास्टिक बोरियां, चाकू, प्लास्टिक सुतली, सूजा, लोहे का सब्बलनुमा रॉड और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

दूसरे जिलों की वारदातों के भी मिले सुराग

पूछताछ में आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार मारो चौकी क्षेत्र के पुटपुरा और सिरगिट्टी क्षेत्र के सिलपहरी में स्थित सोसायटियों से भी चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की जानकारी सामने आई है।

इसके अलावा लोरमी क्षेत्र में डीएपी खाद और ग्राम कोकही के एक फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी किए जाने की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस इन मामलों में भी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, उपनिरीक्षक गिरजाशंकर यादव सहित साइबर सेल, सिटी कोतवाली और थाना पथरिया की टीम की अहम भूमिका रही।

पुलिस की आम लोगों से अपील

एसएसपी भोजराम पटेल ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को दें। साथ ही घर और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई है।

RAHUL YADAV

Editor in chief

You cannot copy content of this page

BREAKING
मदकूद्वीप को 68.96 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री साय ने किया पूजा-अर्चना और विकास कार्यों का लोकार्पण-... लोरमी में निकली गणेश विसर्जन की भव्य झांकी, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया स्वागत- अभिनंदन.. सेवा के रंग में दिखा विकसित भारत का संकल्प, रंगोलियों के जरिए बेटियों ने दिया जल संरक्षण और नारी सशक... मुंगेली में सरकारी खाते से 26.87 लाख के अनधिकृत ट्रांजेक्शन का मामला, बैंक लिपिक गिरफ्तार... UCC से आदिवासी समाज को अलग रखने की मांग, गोंडवाना गोंड महासभा ने सौंपा ज्ञापन... महर्षि कश्यप जयंती पर जुटा केशरवानी वैश्य समाज, विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन साइबर ठगी से बचाव को लेकर 383 छात्र-छात्राओं को किया जागरूक, एसएसपी ने ठगी से बचने वाले युवक को किया... लोरमी के तीन शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान, डॉ. सत्यनारायण तिवारी ने देशभर में हासिल किया प्रथ... लोरमी में भाई अरुण साव ने हजारों बहनों-माताओं संग मनाया तीजा तिहार, स्नेह और आशीर्वाद का हुआ संगम लोरमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 26 घंटे में 2 आरोपी गिरफ्तार, चोरी की 6 बाइक बरामद..