
लोरमी/रहँगी, – शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रहँगी में साथी हाथ बढ़ाना समाजसेवी संस्था द्वारा प्राथमिक विद्यालय के 140 छात्र-छात्राओं को स्वेटर वितरण किया गया। ठंड से बचाव और बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था के प्रमुख सदस्य खुशबू आदित्य वैष्णव, मंटी जायसवाल और नेहा जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि खुशबू आदित्य वैष्णव ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को न केवल गर्म कपड़े उपलब्ध कराना, बल्कि उनकी ऊँची शिक्षा तक हर संभव मदद करना संस्था का मुख्य लक्ष्य है। मंटी जायसवाल और नेहा जायसवाल ने भी बच्चों की प्राथमिक व उच्च शिक्षा में सहयोग जारी रखने की बात कही।
विद्यालय परिवार की ओर से सरपंच सुखमनी भगवान सिंह पोर्ते ने संस्था के सभी सदस्यों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अभिजीत तिवारी ने किया।
कार्यक्रम में उपसरपंच संध्या भोला राम साहू, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भागवत पात्रे, तितरू राम साहू, प्रधान पाठक झूमुक राजपूत, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्वसहायता समूह की सदस्य स्वाति तिवारी, सावित्री साहू, गुलाबा यादव, सरोजनी साहू, सफाई कर्मचारी गेन्दलाल बुनकर तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



