मुंगेली पुलिस के ‘पहल’ अभियान से 365 लोग हुए जागरूक,

मौहामाचा में 60 महिलाओं और कोना स्कूल के 305 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नए कानूनों व यातायात नियमों की दी गई जानकारी
मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में मुंगेली पुलिस द्वारा अभियान ‘पहल—बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ’ के तहत साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अंतर्गत लोरमी (खुड़िया) क्षेत्र के वनांचल ग्राम मौहामाचा में 60 महिलाओं तथा शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोना में 305 विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
महिलाओं को बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के बताए उपाय
ग्राम मौहामाचा में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को साइबर ठगी और बैंकिंग धोखाधड़ी के तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस ने अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी और अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी। साथ ही, साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को साइबर अपराध और यातायात नियमों की जानकारी
शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोना में आयोजित कार्यक्रम में 305 विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, सोशल मीडिया के सावधानीपूर्वक उपयोग, नवीन कानूनों और यातायात नियमों के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान कर उन्हें साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
मुंगेली पुलिस ने अभियान ‘पहल’ के माध्यम से आम नागरिकों, महिलाओं और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक करने की पहल जारी रखी है। आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।https://www.instagram.com/reel/De_-qz7iRcd/?xtok=bGxqbGw2ajVycTM0
देखे खास वीडियो-



