बेलगहना में 73वां शरद पूर्णिमा महोत्सव: 60 से 70 हजार श्रद्धालुओं ने किए सिद्धबाबा के दर्शन..

देशभर से पहुंचे श्रद्धालु, शास्त्रीय संगीत और खीर प्रसाद रहा आकर्षण; प्रथम हॉस्पिटल ने लगाया स्वास्थ्य शिविर
बेलगहना, 25 अक्टूबर। मैकल-विंध्य की सुरम्य पहाड़ियों के बीच स्थित श्री सिद्धबाबा अद्वैत परमहंस आश्रम, बेलगहना में रविवार को 73वां शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। परम श्रद्धेय श्री श्री 108 स्वामी शिवानंद जी महाराज के सानिध्य में आयोजित महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लगभग 60 से 70 हजार श्रद्धालुओं ने श्री सिद्धबाबा जी महाराज के दर्शन किए।
देशभर से पहुंचे श्रद्धालु
श्री श्री 1008 स्वामी सदानंद जी महाराज द्वारा स्थापित इस परंपरा में शामिल होने के लिए जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में भक्त आश्रम पहुंचे। श्रद्धालुओं की मौजूदगी से आश्रम परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने भी आश्रम पहुंचकर श्री सिद्धबाबा जी महाराज एवं स्वामी शिवानंद जी महाराज के दर्शन किए। वहीं, बिलासपुर के वरिष्ठ उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रवीण झा और विजय केसरवानी ने भी अपनी श्रद्धा अर्पित की।
शास्त्रीय संगीत और खीर प्रसाद बना आकर्षण
महोत्सव के अंतर्गत शाम 7 बजे शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। संगीत की सुरमयी प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। वहीं, शरद पूर्णिमा की मध्यरात्रि 12 बजे श्रद्धालुओं को खीर प्रसाद वितरित किया गया।
इस दौरान प्रथम हॉस्पिटल की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सेवा और जनकल्याण की भावना भी देखने को मिली।
73 वर्षों से कायम है परंपरा
शरद पूर्णिमा की चांदनी में नहाया आश्रम और मैकल-विंध्य की पहाड़ियों की प्राकृतिक छटा महोत्सव का विशेष आकर्षण रही। 73 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा गुरु-निष्ठा, श्रद्धा और सनातन आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।
महोत्सव का संदेश रहा कि सद्गुरु के प्रति अटूट श्रद्धा, समर्पण और उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाकर आध्यात्मिक शांति एवं आत्मिक उन्नति प्राप्त की जा सकती है।https://www.instagram.com/reel/De8jD_jiGhf/?srtk=MWV2ajcwdm5idDFhdA==



