आदेश रद्द, फिर भी ₹50 की वसूली! नाम प्लेट के नाम पर ग्रामीणों से उगाही का आरोप..

लोरमी। ग्राम पंचायत खपरीकला में मकानों पर स्थायी नंबर/नाम प्लेट लगाने के नाम पर ग्रामीणों से ₹50-₹50 लिए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जनपद पंचायत का संबंधित आदेश 3 सितंबर को ही निरस्त किया जा चुका है, इसके बावजूद गांव में घर-घर जाकर राशि की मांग की जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक, राशि देने से इनकार करने पर उन्हें नाम प्लेट नहीं देने की बात कही जा रही है। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पैसे नहीं देने पर राशन कार्ड सहित सरकारी सुविधाओं को लेकर डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।
3 सितंबर को आदेश निरस्त, फिर भी वसूली जारी?
मामला सामने आने के बाद जनपद पंचायत लोरमी द्वारा जारी आदेश क्रमांक 3568/स्था./ज.पं./2026-27, दिनांक 03.09.2026 सामने आया है। आदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी मकान नंबर प्लेट लगाने से संबंधित 20 अगस्त 2026 के पूर्व आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाने की स्पष्ट जानकारी दी गई है।
आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर, एसडीएम, संबंधित थाना प्रभारियों सहित ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को भी भेजी गई है।
ग्रामीणों ने की जांच और कार्रवाई की मांग
आदेश निरस्त होने के बावजूद यदि किसी संस्था या व्यक्ति द्वारा ग्रामीणों से राशि की मांग की जा रही है, तो यह गंभीर प्रशासनिक मामला माना जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने, अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब सवाल यह है कि जब आदेश ही निरस्त हो चुका है, तो आखिर किसके निर्देश पर ग्रामीणों से ₹50 की वसूली की जा रही है? प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ होगी।





