
लोरमी/मुंगेली। मुंगेली पुलिस की डायल-112 टीम ने एक बार फिर संवेदनशील पुलिसिंग का परिचय देते हुए सर्पदंश से पीड़ित युवक को समय पर जिला अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में संचालित डायल-112 सेवा के तहत यह सराहनीय कार्य किया गया। जानकारी के अनुसार, 1 अगस्त 2026 की रात 9:21 बजे थाना से सूचना मिली कि सेतगंगा स्वास्थ्य केंद्र में सर्पदंश से पीड़ित एक व्यक्ति को उपचार के लिए लाया गया है।
सूचना मिलते ही डायल-112 में पदस्थ आरक्षक उमेश मानिकपुरी (क्रमांक 353) एवं चालक लोचन यादव तत्काल मौके पर पहुंचे। टीम ने बिना समय गंवाए पीड़ित कोमल साहू (पिता धनेश साहू), निवासी भूमियापारा, थाना फास्टरपुर, जिला मुंगेली को सुरक्षित वाहन से जिला अस्पताल मुंगेली पहुंचाया, जहां उसे समय पर चिकित्सकीय उपचार मिल सका।
मुंगेली पुलिस ने बताया कि डायल-112 केवल आपातकालीन पुलिस सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद नागरिकों की मानवीय सहायता के लिए भी लगातार तत्पर रहती है। यह घटना पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।





