पथरिया को डिप्टी सीएम अरुण साव की बड़ी सौगात: 3.16 करोड़ की घोषणाएं, एल्डरमैनों ने ली शपथ

पथरिया, मुंगेली। नगर पंचायत पथरिया में शनिवार को आयोजित मनोनीत पार्षद (एल्डरमैन) शपथ ग्रहण समारोह विकास और नई घोषणाओं के साथ यादगार बन गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान तीनों मनोनीत एल्डरमैन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, जबकि उप मुख्यमंत्री ने नगर के विकास के लिए 3 करोड़ 16 लाख रुपये की नई सौगात की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार पथरिया के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अब तक नगर पंचायत के विकास के लिए 11 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा।
मंगल भवन, मुक्तिधाम और सभा कक्ष के लिए मिली राशि
समारोह में डिप्टी सीएम ने तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
मांगलिक (मंगल) भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये
मुक्तिधाम निर्माण के लिए 86 लाख रुपये
नगर पंचायत सभा कक्ष के लिए 30 लाख रुपये
कुल मिलाकर नगर पंचायत को 3.16 करोड़ रुपये की विकास सौगात मिली।
तीन एल्डरमैन ने ली शपथ
नगर पंचायत पथरिया में मनोनीत एल्डरमैन नरेंद्र गुप्ता, गंगाराम साहू और उमेश यादव ने पद की शपथ लेकर नगर के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
तोखन साहू और धरमलाल कौशिक ने भी रखे विचार
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि सरकार केवल भूमिपूजन तक सीमित नहीं रहती, बल्कि विकास कार्यों को पूरा कर उनका लोकार्पण भी करती है।
वहीं वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों में 400 करोड़ रुपये से अधिक के सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर तेजी से आगे बढ़ा रही है।
कार्यक्रम में क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, नगर पंचायत अध्यक्ष हुलसी रघु वैष्णव, भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जिला पंचायत सदस्य अंबालिका साहू, पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।





