मानवता की मिसाल बनी मुंगेली पुलिस, आधी रात भटक रहे मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को सकुशल परिजनों से मिलाया…

मुंगेली। मुंगेली पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए आधी रात गांव में भटक रहे मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया। इस पहल की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 23-24 जुलाई की दरम्यानी रात करीब 12:45 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लिम्हा में एक संदिग्ध व्यक्ति देर रात घूम रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा युवक को सुरक्षित थाना लेकर आई।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम साहिल रात्रे बताया, लेकिन मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण वह अपने घर का सही पता नहीं बता पा रहा था। वह बार-बार केवल “बरदुली” शब्द दोहरा रहा था और कभी तखतपुर तो कभी जरहागांव का नाम ले रहा था।
पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए पहले थाना तखतपुर से संपर्क किया। इसके बाद थाना जरहागांव से जानकारी लेकर ग्राम बरदुली के सरपंच प्रतिनिधि तुकाराम साहू से संपर्क किया गया। उन्होंने युवक की पहचान ग्राम बरदुली निवासी साहिल रात्रे के रूप में की और बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
पहचान की पुष्टि होते ही मुंगेली पुलिस ने देर रात ही युवक को सुरक्षित उसके गांव पहुंचाकर सरपंच प्रतिनिधि की मौजूदगी में उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय बाद बेटे को सकुशल देखकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने मुंगेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता एवं मानवीय सेवा भावना की मुक्त कंठ से सराहना की।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कार्तिकेश्वर जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक भानू प्रताप बर्मन, प्रधान आरक्षक सुरेश जांगड़े, आरक्षक राधेराम ध्रुव एवं संजय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





