बिलासपुर रेंज में फरार NDPS आरोपियों पर शिकंजा कसने के निर्देश, आईजी रामगोपाल गर्ग ने पुलिस अधीक्षकों की ली समीक्षा बैठक

बिलासपुर, 2 जुलाई। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्री रामगोपाल गर्ग ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों की समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, लंबित NDPS प्रकरण, न्यायालयीन समंस-वारंट की तामीली तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में आईजी ने NDPS एक्ट से जुड़े लंबित मामलों पर विशेष जोर देते हुए फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक जिले को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं, उनमें वारंट जारी कराकर उसकी समयबद्ध तामीली सुनिश्चित की जाए।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आईजी ने अंतर्राज्यीय एवं अंतरजिला समन्वय बढ़ाने, NCB और ANTF से जानकारी साझा करने, आरोपियों के बैंक खाते, पैन, आधार और वित्तीय लेन-देन की निगरानी करने, मोबाइल व वाहन संबंधी तकनीकी जानकारी जुटाने तथा NATGRID से प्राप्त इनपुट का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही पहले से गिरफ्तार सह-आरोपियों से पूछताछ कर फरार आरोपियों तक पहुंचने की रणनीति अपनाने को कहा।
बैठक में न्यायालयों द्वारा जारी समंस और वारंट की तामीली में लापरवाही पर भी आईजी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों को स्वयं निगरानी करते हुए समय पर वारंटों की तामीली सुनिश्चित करने तथा आवश्यक होने पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गवाही की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी और नोडल अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए आईजी ने कहा कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। यदि किसी थाना स्तर पर लापरवाही के कारण शिकायत लंबित रहती है, तो संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध कारण बताओ (शोकॉज) नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाए।
बैठक के अंत में आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने, जिलों में कानून-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने, सराफा बाजारों और पिकेट प्वाइंट्स की नियमित जांच जारी रखने तथा अगले माह NDPS मामलों की दोबारा समीक्षा के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधिकारी, ANTF प्रभारी तथा समंस-वारंट एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शाखा के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।





