ऑपरेशन ‘बाज’ में बड़ी सफलता: झारखंड का तस्कर गिरफ्तार, 2.46 लाख की नाइट्रा टेबलेट जब्त..

मुंगेली। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत सरगांव पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख 46 हजार 540 रुपये मूल्य की 57 प्रतिबंधित नशीली नाइट्रा (Nitrazepam) टेबलेट और 4,900 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सरगांव के नगर पंचायत तिराहा-बस्ती मोड़ के पास नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना मिलते ही सरगांव पुलिस और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद साजिद (37 वर्ष) निवासी रांची (झारखंड) तथा वर्तमान में कोरबा जिले के नुनेरा गांव में निवासरत होना बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के ग्रे रंग के पिट्ठू बैग से NRx Nitrazepam Tablets IP Nitrosun-10 की 6 स्ट्रिप में कुल 57 नशीली टेबलेट बरामद हुईं। साथ ही उसकी जेब से 4,900 रुपये नकद भी मिले। पुलिस ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में जुड़े अन्य आरोपियों और सप्लाई नेटवर्क की तलाश कर रही है।
नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती
मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री, परिवहन और सेवन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरगांव संतोष शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक निर्मल घोष तथा पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





