
रायपुर/लोरमी, 15 जुलाई 2026।
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रांतीय आह्वान पर आयोजित एक दिवसीय महाआंदोलन में लोरमी विकासखंड के सैकड़ों शिक्षकों ने रायपुर के तूता मैदान पहुंचकर अपनी 7 सूत्रीय मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने वेतन विसंगति, पदोन्नति, सेवा सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
सुबह से ही लोरमी ब्लॉक के शिक्षक बसों और निजी वाहनों से रायपुर पहुंचे। आंदोलन के दौरान शिक्षकों ने एकजुटता का परिचय देते हुए नारेबाजी की और लंबित मांगों के समाधान की मांग उठाई।
प्रमुख मांगें
सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति का निराकरण।
वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति एवं टीईटी अवधि में विस्तार।
विभागीय टीईटी के माध्यम से सेवा सुरक्षा।
पहली नियुक्ति तिथि से सेवा गणना का लाभ।
एकल शिक्षकीय शालाओं में अतिरिक्त शिक्षक की नियुक्ति।
तकनीकी समस्याओं के चलते वीएसके ऐप आधारित वेतन कटौती पर रोक।
युक्तियुक्तकरण से प्रभावित प्रधान पाठकों को एसएमसी में कोषाध्यक्ष का दायित्व।
लोरमी ब्लॉक की रही मजबूत भागीदारी
तूता मैदान में लोरमी विकासखंड के शिक्षकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति और अनुशासित प्रदर्शन चर्चा का विषय रहा। शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल एक दिवसीय प्रदर्शन नहीं, बल्कि शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई का आगाज है। उन्होंने आंदोलन में शामिल सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।





