शासकीय हाई स्कूल ढोलगी में उत्साह के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

लोरमी। शासकीय हाई स्कूल ढोलगी में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सभापति आदित्य ध्रुव, सरपंच रोहित गंधर्व, प्राचार्य अशोक कुमार ध्रुव, सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी सुनील शर्मा, प्रधान पाठक अकत ध्रुव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। जनपद पंचायत सभापति आदित्य ध्रुव और सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी सुनील शर्मा ने बच्चों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में द्रुपद यादव, विनीता कश्यप, आशिष तिवारी, अभिषेक राजपूत, कल्पना ठाकुर और अनुपमा बैस सहित विद्यालय स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। पालकों की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक सार्थक बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्राचार्य अशोक कुमार ध्रुव ने सभी अतिथियों, पालकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य बच्चों को विद्यालय से जोड़ना, शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाना और उनके भविष्य की मजबूत नींव रखना है।





