ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता — 1 माह में 94 गुमशुदा व्यक्तियों का हुआ सकुशल पता

मुंगेली जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत अप्रैल माह में 29 बालिकाएं, 48 महिलाएं और 17 पुरुष सहित कुल 94 गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल बरामद किया गया।
जिला पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्यवाही
एसएसपी श्री भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना/चौकियों की टीमों ने लंबित गुमशुदगी मामलों की गहन समीक्षा की।
पुलिस टीमों को अलग-अलग इलाकों में रवाना कर संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कराई गई।
इस दौरान—
तकनीकी संसाधनों का व्यापक उपयोग
मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया
उत्तरप्रदेश, दिल्ली, तेलंगाना, हैदराबाद सहित अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सतत निगरानी
इन सभी प्रयासों के परिणामस्वरूप अप्रैल माह के भीतर ही 94 गुमशुदा व्यक्तियों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित परिजनों को सौंपा गया।
परिजनों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
अपनों को वापस पाकर 94 परिवारों की आंखों में खुशी छलक उठी। कई परिवारजन भावुक हो उठे और मुंगेली पुलिस की तत्परता, मानवीय दृष्टिकोण और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
मुंगेली पुलिस की प्रतिबद्धता का प्रमाण
ऑपरेशन मुस्कान की यह सफलता मुंगेली पुलिस की जनसेवा, त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशील पुलिसिंग की साफ झलक देती है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गुमशुदा व्यक्तियों की खोजबीन का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।




