लोरमी में चोरों पर पुलिस का ‘बाज’ वार, 24 घंटे में 3 केस सुलझाए…

CCTV और ‘त्रिनयन ऐप’ बना पुलिस का हथियार, 3 आरोपी गिरफ्तार; 3 बाइक और चोरी का सामान बरामद
लोरमी। चोरी की वारदातों पर शिकंजा कसते हुए लोरमी पुलिस ने ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दो मोटरसाइकिल चोरी और एक किराना दुकान चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिल, किराना सामान और नकदी समेत करीब 1.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

दो बाइक लोरमी से, एक कोटा क्षेत्र से चोरी
डोगरीपारा लोरमी निवासी विक्की साहू की TVS Apache RTR और इरफान बेग की Passion Pro मोटरसाइकिल 27 अगस्त की रात घर से चोरी हो गई थी। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र के साथ तकनीकी सहायता और छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘त्रिनयन ऐप’ का इस्तेमाल करते हुए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने देवारपारा निवासी मोहम्मद रफीक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में रफीक ने अपने साथी धनीराम मार्को के साथ मिलकर दोनों मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से दोनों चोरी की बाइक के अलावा कोटा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक होंडा एक्स-ब्लेड भी बरामद की गई।
किराना दुकान चोरी में भी आरोपी गिरफ्तार
इसी तरह बाजारपारा लोरमी में कन्या स्कूल के पास स्थित राजू यादव की किराना दुकान में हुई चोरी का भी पुलिस ने खुलासा कर दिया।
पुलिस के मुताबिक दुकान से नकदी और तेल समेत किराना सामान चोरी हुआ था। CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने अमर देवार को हिरासत में लिया। पूछताछ में चोरी स्वीकार करने के बाद उसके कब्जे से तेल की टीन, करीब 2 लीटर तेल और 300 रुपये नकद बरामद किए गए।
तीनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने दोनों मामलों में कुल तीन आरोपियों—मोहम्मद रफीक, धनीराम मार्को और अमर देवार—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव सहित लोरमी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





