
‘ऑपरेशन बाज’ के तहत चिल्फी पुलिस की कार्रवाई, घटना के बाद से फरार थे आरोपी
लोरमी/चिल्फी। जमीन विवाद को लेकर युवक और उसके पिता पर जानलेवा हमला करने के मामले में चिल्फी पुलिस ने चार फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को ग्राम सिलतरा में दीपेन्द्र खाण्डे अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान रघुवंश बर्मन, रामजी बर्मन, कला बाई और सारिका बर्मन वहां पहुंचे और खेत में जुताई को लेकर विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने दीपेन्द्र के साथ मारपीट की। आरोप है कि रघुवंश बर्मन ने लोहे के बरछे से उसके सिर पर वार किया।
बीच-बचाव करने पहुंचे दीपेन्द्र के पिता तोरन खाण्डे पर भी आरोपियों ने हमला किया, जिससे उन्हें सिर, हाथ और गले में चोटें आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा 109 बीएनएस भी जोड़ी।
घटना के बाद चारों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए 11 अगस्त को रघुवंश बर्मन (24), रामजी बर्मन (52), कला बाई बर्मन (50) और सारिका बर्मन (20), सभी निवासी सिलतरा, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से डंडा और लोहे का बरछा भी जब्त किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रघुबीर लाल चन्द्रा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





